Breaking
Loading latest news from Mission Admission 2020...

हमारी अन्य वेबसाइटें

Wednesday, November 18, 2026

HTET 2026: हरियाणा टीईटी के आवेदन शुरू, 27 नवंबर तक करें अप्लाई; 26-27 दिसंबर को होगी परीक्षा

हरियाणा में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH), भिवानी ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 18 नवंबर से 27 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी है। HTET 2026 की परीक्षा 26 और 27 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।

बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी प्रेस नोट संख्या 25, दिनांक 18 नवंबर 2026 के अनुसार परीक्षा तीन स्तरों पर आयोजित होगी। इनमें लेवल-1 (PRT), लेवल-2 (TGT) और लेवल-3 (PGT) शामिल हैं।

इस दिन और इस समय होगी परीक्षा

बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार लेवल-3 (PGT) की परीक्षा 26 दिसंबर को शाम 3 बजे से 5:30 बजे तक होगी। वहीं, 27 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-2 (TGT) और इसी दिन शाम 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (PRT) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

28 और 29 नवंबर को मिलेगा फॉर्म में सुधार का मौका

HTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 नवंबर को समाप्त होगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को 28 और 29 नवंबर को ऑनलाइन करेक्शन का मौका दिया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थी अपना नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, फोटोयुक्त पहचान प्रमाण, आधार नंबर और लेवल-2 व लेवल-3 के विषय चयन में निर्धारित नियमों के अनुसार संशोधन कर सकेंगे। निर्धारित समय के बाद सुधार का कोई अवसर नहीं मिलेगा।

जानिए कितनी देनी होगी आवेदन फीस

बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार आवेदन शुल्क निर्धारित किया है।

हरियाणा के SC (DSC/OSC) और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए एक लेवल का शुल्क 700 रुपये, दो लेवल का 1100 रुपये और तीनों लेवल का 1400 रुपये निर्धारित किया गया है।

वहीं, अन्य सभी अभ्यर्थियों, जिनमें हरियाणा के सामान्य वर्ग तथा हरियाणा से बाहर के अभ्यर्थी भी शामिल हैं, के लिए एक लेवल का शुल्क 1200 रुपये, दो लेवल का 2000 रुपये और तीनों लेवल का 2600 रुपये निर्धारित है।

एक लेवल के लिए एक ही रजिस्ट्रेशन करें

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि एक ही लेवल के लिए एक से अधिक आवेदन न करें। एक ही लेवल के लिए बार-बार रजिस्ट्रेशन करने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। आवेदन करने से पहले सूचना बुलेटिन में दी गई पात्रता और अन्य दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ना जरूरी है।

यहां से करें ऑनलाइन आवेदन

अभ्यर्थी HTET 2026 के लिए सीधे आधिकारिक आवेदन पोर्टल https://htet2026.org/ पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड की मुख्य वेबसाइट https://bseh.org.in/home पर भी परीक्षा से संबंधित नोटिस, सूचना बुलेटिन और अन्य अपडेट उपलब्ध हैं।

ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क सफलतापूर्वक जमा करने के बाद अभ्यर्थी अपना कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रखें।

तकनीकी समस्या होने पर यहां करें संपर्क

आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी होने पर अभ्यर्थी HTET हेल्पलाइन नंबर 9001837558 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा htethelpdesk2026@gmail.com पर ई-मेल भी भेज सकते हैं। हेल्पलाइन का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

HTET 2026 की महत्वपूर्ण तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन शुरू: 18 नवंबर 2026
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 27 नवंबर 2026
  • आवेदन में संशोधन: 28 एवं 29 नवंबर 2026
  • PGT (लेवल-3): 26 दिसंबर 2026
  • TGT (लेवल-2): 27 दिसंबर 2026
  • PRT (लेवल-1): 27 दिसंबर 2026

आधिकारिक वेबसाइट: https://bseh.org.in/home

ऑनलाइन आवेदन: https://htet2026.org/



No comments:

Post a Comment